



धरमजयगढ़। अडानी समूह की प्रस्तावित कोल माइंस परियोजना के खिलाफ धरमजयगढ़ क्षेत्र में आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। पुरूंगा, साम्हरसिंगा और तेंदुमुड़ी ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने बीते गुरुवार को रायगढ़ कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और 11 नवंबर को होने वाली जनसुनवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की।प्रशासन से कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर ग्रामीण भूखे-प्यासे धरने पर बैठ गए हैं। माताएं अपने दूधमुंहे बच्चों के साथ सड़क पर रात गुजारने को मजबूर रहीं। ग्रामीणों ने बताया कि वे केवल चना-मुड़्रा खाकर पूरी रात सड़कों पर बैठे रहे। वहीं आज सुबह नगर निगम प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को पोहा वितरित किया, लेकिन विरोध थमने के कोई आसार नहीं हैं।धरमजयगढ़ में अब माहौल पूरी तरह गरम है —ग्रामीणों का कहना है, “हम अपनी जल-जंगल-जमीन किसी कीमत पर नहीं देंगे!” और वहीं प्रशासन पर अब यह दबाव बढ़ गया है कि वह जल्द निर्णय ले ,क्या जनसुनवाई रद्द होगी या विरोध और उग्र रूप लेगा, यह देखना बाकी है।





