



धरमजयगढ़। मेसर्स अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड की प्रस्तावित पुरूंगा कोल माइंस जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग को लेकर आज धरमजयगढ़ क्षेत्र के तीन गांवों — पुरूंगा, तेंदुमुड़ी और साम्हरसिंगा के हजारों ग्रामीणों ने जिला रायगढ़ स्थित कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया।हाथों में तख्तियां और बैनर लिए ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन से स्पष्ट कहा— “पेशा कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिना ग्राम सभा की अनुमति के किसी भी प्रकार की जनसुनवाई कराना संविधान और पेशा अधिनियम की भावना के विरुद्ध है।ग्रामीण प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रस्तावित जनसुनवाई को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और स्थानीय ग्राम सभाओं की सहमति को सर्वोपरि मानते हुए आगे की कार्यवाही की जाए।जिला कलेक्टर कार्यालय रायगढ़ परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, किन्तु ग्रामीणों का आक्रोश स्पष्ट रूप से देखा गया। वहीं धरमजयगढ़ क्षेत्र में यह विरोध लगातार तेज होता जा रहा है और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




